सठियांव चीनी मिल के उद्घाटन मौके पर आयोजित जनसभा को संबोधित करते पूर्व सांसद अमर सिंह ने कहा कि अखिलेश के लिए हैदराबाद से आने वाले लोग सबसे बड़ी चुनौती हैं, जो जिले से लेकर पूरे प्रदेश का माहौल खराब करते हैं। इनसे सावधान रहना होगा।
कहा कि कुछ दिनों से कुछ चैनलों ने सर्वे दिखाना शुरू कर दिया है। उन चैनलों से गुजारिश है, कि बगल के जिले में विकास के नाम पर केंद्र सरकार से मिले 200 करोड़ रुपये की तुलना, अकेले सठियांव चीनी मिल को मिले 350 करोड़ के साथ करें।
असद्द्दीन ओवैसी पर कटाक्ष भी किया। उन्होंने ‘हम’ और ‘मैं’ शब्द पर कहा कि, मैं में घमंड और हम में सब कुछ पूर्ण नजर आता है। क्योंकि ह से हमराज है, तो म से मुहब्बत है, ह से हरिद्वार तो म से मदीना है, ह से हर्ष तो म से मुस्कान होता है, ह से हिंदू तो म से मुसलमान और ह और म को मिलाकर हिंदुस्तान बनता है।
ऐसे में ह न रहें तो हिंदू और म न रहें तो मुसलमान नहीं रहेगा, ऐसे में जरूरत है कि साजिशों को नाकाम करते हुए सभी मिलकर ‘हम’ को जिंदा करें। कहा कि इटावा की जनता सपा मुखिया से कुछ नहीं मांगती, लेकिन उन्होंने वहां की जनता को छोड़कर यहां की जनता का प्रतिनिधित्व चुना। बड़े दिल वाले अखिलेश और उनसे भी बड़े मुलायम सिंह यादव जो उनको भूलकर यहां विकास की गंगा बहा रहे हैं।