जिला अस्पताल की ओपीडी में लगी मरीजों की भीड़। संवाद
- फोटो : credit
आजमगढ़। बढ़ती गर्मी, तेज धूप और धूलभरे वातावरण का असर लोगों की आंखों पर पड़ रही है। जिला अस्पताल की नेत्र रोग विभाग की ओपीडी में इन दिनों 25 फीसदी मरीज आंखों में एलर्जी की समस्या से पीड़ित होकर इलाज कराने आ रहे हैं। नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. रजनीश सेठ ने बताया कि हर दिन 90 मरीज नेत्र रोग विभाग में पहुंच रहे हैं। इसमें लगभग 24 मरीज गर्मी के कारण होने वाली एलर्जी से पीड़ित हैं। आंखें लाल हो जा रहीं, उसमें चुभन और खुजली हो रही है। समय पर उपचार नहीं कराने पर परेशानी गंभीर भी हो सकती है। आंखों में किसी भी प्रकार की दवा बिना चिकित्सकीय सलाह के न डालें।
ये हैं लक्षण
आंखों का लाल होना, आंखों में जलन या चुभन महसूस होना।
लगातार खुजली होना, आंखों से पानी आना।
धुंधला दिखाई देना, आंखों में भारीपन या थकान महसूस होना।
तेज रोशनी में आंखें खोलने में परेशानी होना।
इस तरह से करें बचाव
तेज धूप में निकलते समय धूप वाला चश्मा पहनें।
धूलभरे स्थानों पर आंखों की सुरक्षा करें।
गंदे हाथों से आंखों को न छुएं और न रगड़ें।
आंखों को साफ और ठंडे पानी से धोते रहें।
पर्याप्त मात्रा में पानी पीकर शरीर को हाइड्रेट रखें।
लंबे समय तक मोबाइल, कंप्यूटर या टीवी स्क्रीन देखने से बचें।