रानी की सराय। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर एंटी रैबीज वैक्सीनेशन के नाम पर मरीजों से शुल्क वसूलने का गंभीर आरोप लगा है।
क्षेत्र के रूदरी गांव के इंद्रजीत विश्वकर्मा और उंची गोदाम के रविंद्र कुमार सहित कई ग्रामीणों ने इस मामले में सीएमओ से अस्पताल स्टाफ के खिलाफ जांच और कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों ने बताया कि उनके कुछ परिचितों को कुत्ते ने काट लिया था, जिसके बाद वे उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। वहां इंजेक्शन के लिए एक रुपये की रसीद कटवाकर डॉक्टर को दिखाया गया, लेकिन इंजेक्शन लगाने वाले स्थान पर प्रत्येक मरीज से 10-10 रुपये वसूले गए। जब ग्रामीणों ने इसका कारण पूछा तो उन्हें बताया गया कि यह शुल्क अनिवार्य है।
ग्रामीणों का आरोप है कि कई अन्य मरीजों से भी इसी तरह अवैध वसूली की गई। इस संबंध में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्साधिकारी मनीष तिवारी ने कहा कि उन्हें शुल्क वसूली की जानकारी नहीं है।
यदि किसी स्टाफ ने पैसे लिए हैं, तो उनके खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों ने सीएमओ से मामले की गहन जांच कर दोषियों को दंडित करने की मांग की है।