आजमगढ़। राजकीय मेडिकल कालेज चक्रपानपुर में लंबे समय से ठप ओपीडी सेवा दो नवंबर से चालू कर दी गई लेकिन मरीजों को भर्ती नहीं लिया जा रहा था। इधर, कोरोना का ग्राफ घटते ही शासन के निर्देश पर 23 दिसंबर यानी कल से ओपीडी संग अन्य बीमारियों से ग्रसित मरीजों को भी भर्ती लिया जाएगा। इससे आमजनता को काफी राहत मिलेगी।
जिले में कोरोना का फैलाव होते देख राजकीय मेडिकल कालेज एवं सुपर फैसिलिटी अस्पताल को एल-3 अस्पताल घोषित कर दिया गया था। जिसके चलते अस्पताल में संचालित ओपीडी सेवा पर पूरी तरह ब्रेक लग गया था। कोरोना के मरीजों की संख्या में कमी आई तो शासन के निर्देश पर मेडिकल कालेज में सामान्य ओपीडी की शुरूआत के लिए स्वास्थ्य विभाग ने पूरा मैप तैयार किया। विभागवार व दिनवार रोस्टर बनाकर ओपीडी का संचालन शुरू हुआ। हालांकि कोरोना के भय के कारण मरीजों की संख्या में पहले की अपेक्षा कमी है। मेडिकल कालेज के प्राचार्य डा. आरपी शर्मा ने बताया कि शासन के निर्देश पर 23 दिसंबर से ओपीडी के साथ ही मरीजों को भर्ती भी लिया जाएगा। सहायक चिकित्सा अधीक्षक डा. नियाज हसन ने बताया कि मरीजों को भर्ती कराने की तैयारियां पूरी कर ली गई है।