सगड़ी तहसील पर अपनी मागों को लेकर प्रदर्शन करते राष्ट्रीय किसान मोर्चा के कार्यकर्ता।
- फोटो : AZAMGARH
आजमगढ़। अखिल भारतीय किसान संघर्ष समिति के राष्ट्रव्यापी आह्वान पर कार्यकर्ताओं ने सोमवार को जिला मुख्यालय पर विरोध-प्रदर्शन किया। केंद्र सरकार की ओर से लाए गए तीनों कृषि अध्यादेशों को रद्द करने की मांग की। प्रदेश अध्यक्ष जयप्रकाश नारायण ने कहा कि निजीकरण की दिशा में अंधाधुंध दौड़ रही मोदी सरकार ने बैंक, बीमा, बिजली, कोयला और रेलवे को बेचने के बाद भारतीय आत्मनिर्भरता के अंतिम किले भारतीय कृषि पर हमला कर दिया है। तीनों कृषि अध्यादेश किसानों को तबाह और बर्बाद करने की दिशा में सरकार की ओर से उठाए गए कदम हैं। उन्होंने कहा कि इन अध्यादेशों के जरिए सरकार किसानों के उत्पाद की खरीद से पीछे हट रही है और उन्हें बाजार के हवाले असहाय हालत में छोड़ रही है। ये अध्यादेश जमाखोरी को वैधता देने वाले हैं और खेती को कारपोरेट के हवाले करने की साजिश के तहत लाए गए हैं। राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन भेजकर इन अध्यादेशों को संसद में कानून बनाने से रोकने, इन्हें तत्काल रद्द करने और हरियाणा के किसानों पर बर्बर लाठीचार्ज के जिम्मेदार अधिकारियों को दंडित करने की मांग की गई। कार्यक्रम में ओमप्रकाश सिंह, विनोद कुमार सिंह, अफजल हुसैन और निधि राय आदि प्रमुख रूप से शामिल रहे।
राष्ट्रीय किसान मोर्चा के गोपालपुर और सगड़ी विधायक का पुतला फूंका
सगड़ी। तहसील परिसर में सोमवार को राष्ट्रीय किसान मोर्चा की ओर से किसान अध्यादेश का समर्थन करने पर गोपालपुर और सगड़ी विधायक का पुतला फूंका गया। राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन तहसीलदार सगड़ी को सौंपा। जय बहादुर मौर्य ने कहा कि हमारे एससी-एसटी, ओबीसी के विधायक किसान विरोधी अध्यादेश पर प्रदेश सरकार का साथ दे रहे हैं। प्रदेश में रोज हत्या, बलात्कार हो रहे हैं, लेकिन कोई सांसद, विधायक भाजपा सरकार का विरोध नहीं कर रहा हैं। रामदवर ने कहा कि प्रदेश में गुंडाराज कायम हो चुका है। एससी-एसटी, ओबीसी के लोगों की लगातार हत्या हो रही है। सरकार इसे रोकने में असफल है। छुट्टा पशुओं से नुकसान हो रहा है। राम विनय पटेल, करुणेशकांत, अभिमन्यु प्रधान, सुभाष बौद्ध, वीरेंद्र भारती, दिनेश, अनिल, शैलेश कुमार यादव, सन्दीप कुमार, संजय एडवोकेट, सन्तोष आदि लोग लोग मौजूद रहे।
जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर अपनी मागों को लेकर प्रदर्शन करते अखिल भारतीय किसान महासभा के कार्यक- फोटो : AZAMGARH