दाखिल सभी नामांकन पत्र जांच में मिले वैध
जनपद में रिक्त जिला पंचायत सदस्य, क्षेत्र पंचायत सदस्य, ग्राम पंचायत सदस्य और ग्राम प्रधान पदों के लिए मंगलवार को नामांकन का कार्य संपन्न होने के बाद गुरुवार को दाखिल नामांकन पत्रों की जांच की गई। जांच के दौरान दाखिल सभी 92 नामांकन पत्र वैध पाए गए। अब 24 जून को नामांकन पत्रों की वापसी और प्रतीक चिह्न आवंटन होगा।
उपनिवार्चन में अजमतगढ़ विकास खंड की जिला पंचायत सीट छपरा सुल्तानपुर वार्ड संख्या दो के लिए भी मतदान होगा। इस पर के लिए दो प्रत्याशियों किरन और साधना ने नामांकन दाखिल किया है। वहीं क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के लिए मार्टीनगंज ब्लाक की सिकरौर सहबरी, लालगंज विकास खंड की डोमनपुर, मिर्जापुर विकास खंड की परवेजाबाद कैथौली, तहबरपुर विकास खंड की जानकीपुर अहियाई, सठियांव विकास खंड की डिलिया और पल्हनी विकास खंड की हैदराबाद सीट पर चुनाव होना है।
वहीं ग्राम प्रधान पद की चार सीटों में फूलपुर विकास खंड की आदममऊ, फूलपुर के ही शेखवलिया मटियार, बिलरियागंज विकास खंड की बगवार और सठियांव विकास खंड की पाही जमीन पाही सीट पर चुनाव होना है। ेवहीं ग्राम पंचायत सदस्य पद की 159 सीटों में से 63 सीटों पर लोगों ने नामांकन किया है। इसके बाद 24 जून को नामांकन वापसी और प्रतीक चिह्न का आवंटन किया जाएगा। एक जुलाई को मतदान होगा और तीन जुलाई को मतगणना का कार्य क्षेत्र पंचायत कार्यालयों में सपंन्न होगा।