आजमगढ़। यूपी बोर्ड परीक्षा को नकलविहीन और पारदर्शी बनाने के लिए उत्तर प्रदेश शिक्षा विभाग इस बार आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का सहारा लेगा। जिले में बोर्ड परीक्षा की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं और एआई आधारित निगरानी प्रणाली को लागू करने की प्रक्रिया जोरों पर हैं। जिले में 26 राजकीय, 97 सहायता प्राप्त और 683 वित्तविहीन सहित कुल 806 माध्यमिक विद्यालयों में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं हैं। शैक्षिक सत्र 2025-26 के लिए बोर्ड परीक्षा के आवेदन की प्रक्रिया 5 अगस्त तक पूरी हो चुकी है। संस्थागत और व्यक्तिगत श्रेणी के छात्रों ने फॉर्म भरकर परीक्षा की तैयारी शुरू कर दी है।
शिक्षा विभाग के अनुसार, एआई तकनीक परीक्षा के दौरान छात्रों की गतिविधियों पर नजर रखेगी। इसके अलावा, रात में प्रश्नपत्रों को सुरक्षित रखने वाले स्ट्रांग रूम की भी निगरानी की जाएगी। एआई सिस्टम किसी भी अनुचित गतिविधि, जैसे छात्रों का आपस में बात करना, नकल की कोशिश या स्ट्रांग रूम में अनियमितता होने पर तुरंत अलर्ट जारी करेगा। जिले के कंट्रोल रूम के कैमरे यूपी बोर्ड मुख्यालय के कंट्रोल रूम से जुड़े रहेंगे, जिससे पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित होगी।
जिला विद्यालय निरीक्षक उपेंद्र कुमार ने बताया कि पिछले साल भी एआई के उपयोग की योजना थी, लेकिन कुछ कारणों से यह लागू नहीं हो सका। इस बार सभी परीक्षा केंद्रों पर एआई की मदद से निष्पक्ष और गड़बड़ी मुक्त परीक्षा कराने के लिए विभाग कटिबद्ध है। उन्होंने कहा कि शिक्षा विभाग और बोर्ड प्रशासन इस दिशा में पूरी तरह तैयार है।