आजमगढ़। निजामाबाद के शंघईपुर जोगियाने गांव में गैस सिलेंडर फटने की घटना के बाद सरकारी महकमा भी सक्रिय हो गया है। जिला जिला पूर्ति अधिकारी सुनील पुष्कर ने इंडेन गैस के सेल्स अफिसर को घटना की सूचना दे दी है। मामले की जांच रिपोर्ट आने के बाद एलपीजी कंपनी की ओर से क्लेम दिया जाएगा। अकसर एलपीजी गैस सिलेंडर में आग लगने से लाखों रुपये का नुकसान होता रहता है। पीड़ित इसे भाग्य समझकर चुपचाप बैठ जाते हैं, जबकि ऐसे मामलों में एलपीजी कंपनियों की ओर से क्लेम देने का प्रावधान है। जिला पूर्ति अधिकारी सुनील पुष्कर ने बताया कि निजामाबाद की घटना की जानकारी इंडेन गैस के सेल्स आफिसर को दे दी गई है। वह मौके पर जाकर जांच-पड़ताल करेगी। यदि कंपनी की ओर से किसी प्रकार की चुक मिलेगी तो वह पीड़ितों को उचित क्लेम देगा। उन्होंने बताया कि मामले में क्या सही है क्या नहीं इसकी जानकारी स्पष्ट नहीं हो पा रही है। ऐसे में कुछ कहना उचित नहीं है। जहां तक संभव होगा विभाग की ओर से पीड़ितों की मदद की जाएगी।