लालगंज में मांगों को लेकर प्रदर्शन करते अधिवक्ता। संवाद
लालगंज। तहसील के अधिवक्ताओं ने सोमवार को विभिन्न मांगों को लेकर तहसील परिसर में नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। बाद में पारित प्रस्ताव के तहत अधिवक्ता न्यायिक कार्य से भी विरत रहे।
दी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष नगेंद्र सिंह ने कहा कि तहसील परिसर में अधिवक्ताओं के लिए वाहन स्टैंड की व्यवस्था करने तथा संघ भवन के सामने जर्जर भवन के मलबे को हटाने के लिए कई बार उपजिलाधिकारी का ध्यान आकृष्ट कराया गया। बार-बार आश्वासन मिलने के बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने कहा कि इस संबंध में जिलाधिकारी सहित जनपद के अन्य उच्चाधिकारियों को भी अवगत कराया गया।
अधिकारियों के निर्देश के बाद भी आज तक समस्या का समाधान नहीं हुआ, जिससे अधिवक्ताओं में रोष है। उपजिलाधिकारी का ध्यान समस्याओं की ओर आकर्षित करने के लिए सोमवार को अधिवक्ताओं ने न्यायिक कार्य से विरत रहकर अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी और प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में समर बहादुर सिंह, धर्मेश पाठक, अशोक कुमार, शीतल राय, अशोक कुमार अस्थाना, विनय शंकर राय, हरिनारायण सिंह, कुमार अस्थाना, सुनीश कुमार श्रीवास्तव, सुधीर कुमार श्रीवास्तव, रामस्वारथ, प्रसिद्ध नारायण सिंह आदि अधिवक्ता उपस्थित रहे।