आजमगढ़। ग्रामीण अदालत की स्थापना के विरोध में सोमवार को दीवानी न्यायालय के अधिवक्ता उग्र हो गए। सोमवार को बैठक कर विरोध जताया। जुलूस निकाला और अपनी मांगों के समर्थन में प्रदर्शन भी किया। कलेक्ट्रेट कचहरी पहुंचकर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा।
ग्रामीण अदालत को लागू किए जाने की व्यवस्था को लेकर दीवानी न्यायालय अभिभाषक संघ के अधिवक्ता सदस्यों की संघ के सभागार में बैठक हुई। जिसमें अधिवक्ताओं ने विभिन्न तहसीलों में ग्रामीण न्यायालयों के गठन प्रक्रिया का विरोध किया। कहा कि सरकार सुनियोजित तरीके से अधिवक्ता समुदाय को बांटने का प्रयास कर रही है, जिसे हम सफल नहीं होने देंगे। ग्रामीण अदालत के गठन हो जाने पर वादकारियों और अधिवक्ताओं को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ेगा। साथ ही यह भी कहा कि यदि सरकार ग्रामीण अदालत को संचालित करने का प्रयास करेगी तो अधिवक्ता सभी अदालतों का बहिष्कार शुरू कर देंगे। इसके बाद अधिवक्ताओं ने सर्वसम्मत से प्रस्ताव पारित कर पूरे दिन न्यायिक कार्य के बहिष्कार का निर्णय लिया। अधिवक्ताओं का हुजूम नारेबाजी करते कलेक्ट्री कचहरी पहुंचा। अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा। बैठक की अध्यक्षता संघ के अध्यक्ष प्रभाकर सिंह एडवोकेट व संचालन संघ के मंत्री जयप्रकाश यादव ने किया।