अपनी मागों को लेकर जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन करते अधिवक्ता।
- फोटो : AZAMGARH
आजमगढ़। प्रशासनिक, न्यायिक अधिकारियों के बीच उत्पन्न गतिरोध को समाप्त कराने और न्यायिक प्रक्रिया सुचारु रूप से संचालित होते रहने को लेकर किए गए पत्राचार को जिलाधिकारी द्वारा संज्ञान में नहीं लिए जाने और गतिरोध समाप्त नहीं कराए जाने के विरोध में मंगलवार को दी डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के अधिवक्ता सदस्यों ने अध्यक्ष रणविजय यादव के नेतृत्व में जिलाधिकारी कार्यालय और एसडीएम सदर कार्यालय पर प्रदर्शन किया। शासन से जिलाधिकारी और एसडीएम सदर का स्थानांतरण किए जाने की मांग की।
कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन के बाद अधिवक्ताओं का जुलूस पुलिस अधीक्षक कार्यालय होता हुआ सदर तहसील का चक्रमण करते हुए कलेक्ट्रेट चौराहे पर आकर सभा में परिवर्तित हो गया। अधिवक्ताओं ने चेतावनी दी कि जिलाधिकारी और उप जिलाधिकारी सदर द्वारा न्यायिक प्रक्रिया, न्यायिक व्यवस्थाओं के अनुरुप न किए जाने और न्यायिक व्यवस्थाओं में बेहतर बदलाव नहीं लाए जाने की स्थिति में 15 मार्च को अधिवक्ता संघ भवन में धरना देने के लिए बाध्य होंगे और मुख्यमंत्री से एसडीएम सदर और जिलाधिकारी का स्थानांतरण किए जाने की मांग करेंगे। प्रदर्शन में संघ के मंत्री बालकेश्वर त्रिपाठी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष मनकू कुशवाहा, रामजनम चतुर्वेदी, उपाध्यक्ष इंद्रजीत राजभर, घनश्याम राय, कोषाध्यक्ष सैय्यद सादिक अली रिजवी, सहमंत्री प्रशासन शैलेश कुमार राय, सहमंत्री प्रकाशन अभिमन्यु चौहान सहमंत्री पुस्तकालय भीमराज मौर्य, कनिष्ठ उपाध्यक्ष हरेंद्र कुमार समेत कार्यकारिणी के समस्त सदस्य और अधिवक्ता शामिल रहे।