अपर जिलाधिकारी वित्त को ज्ञापन सौंपते मार्टीनगंज तहसील के अधिवक्ता।
तहसील कार्यालय के निकट ब्लॉक प्रमुख आवास के पीछे शुक्रवार को बार के चुनाव के लिए चल रही अधिवक्ताओं की बैठक के दौरान पहुंचने एसडीएम ने अधिवक्ताओं को हटाने का प्रयास किया। इससे नाराज अधिवक्ताओं ने नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। इसके बाद अपर जिलाधिकारी वित्त को ज्ञापन सौंप नाराजगी जाहिर की।
बता दें कि शुक्रवार को मार्टीनगंज तहसील के अधिवक्ता बार संगठन के चुनाव को लेकर तहसील के कार्यालय के पास स्थित ब्लॉक प्रमुख आवास के पीछे बैठक कर रहे थे। इस दौरान गोरखपुर-फैजाबाद स्नातक चुनाव की निगरानी कर रहे अपर जिलाधिकारी (वित्त) बीके गुप्ता और उपजिलाधिकारी अशोक कुमार सिंह वहां पहुंचे। आरोप है कि एसडीएम ने अधिवक्ताओं से वहां से हटने के लिए कहा जिससे अधिवक्ता नाराज हो गए। इसके विरोध में अधिवक्ताओं ने नारेबाजी शुुरू कर दी।
किसी तरह से अपर जिलाधिकारी ने मामले को शांत कराया। वहां से जाने के बाद अधिवक्ताओं ने उपजिलाधिकारी अशोक कुमार सिंह के खिलाफ जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन अपर जिलाधिकारी बीके गुप्ता को सौंपा। एसडीएम अशोक सिंह की ओर से अभद्र व्यवहार किए जाने पर उनके खिलाफ सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया। अधिवक्ताओं ने कहा कि जब तक एसडीएम इस घटना पर खेद प्रकट नहीं करते हैं तब तक उनके न्यायालय का बहिष्कार किया जाएगा। साथ ही एसडीएम के स्थानांतरण तक संघर्ष जारी रखने का निर्णय लिया। इस अवसर पर अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष अवधराज यादव, पारस नाथ सिंह, उमेश सिंह, राम अजोर यादव, राशिद शेख, गुलाब राम, अशोक यादव, जितेंद्र सिंह, अरविंद मिश्र एडवोकेट आदि मौजूद रहे।