आजमगढ़। किसान सम्मान निधि योजना के क्रियान्वयन में लापरवाही मिलने पर मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला ने बुधवार को नौ प्राविधिक सहायकों को प्रतिकूल प्रविष्टि दे दी। इनके अलावा उन्होंने पांच सहायक तकनीकी प्रबंधकों (एटीएम) को निष्कासन की चेतावनी भी दी।
मुख्य विकास अधिकारी ने बुधवार को शासन की शीर्ष प्राथमिकता वाले प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना में हुई प्रगति की ब्लाकवार समीक्षा की। इस दौरान इनवैलिड आधार, नाम मिसमैच संशोधन और ओपेन सोर्स से फीड डाटा के सत्यापन में प्रगति ठीक नहीं मिलने पर उन्होंने नौ प्राविधिक सहायकों को प्रतिकूल प्रविष्टि दी। उन्होंने विभिन्न ब्लाकों में तैनात पांच एटीएम को एक सप्ताह के अंदर कार्य पूरा नहीं करने पर निष्कासन की चेतावनी भी दी। मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि निर्धारित लक्ष्य की तुलना में औसत से कम प्रगति मिलने पर मिर्जापुर ब्लाक के प्राविधिक सहायक बाबूराम सिंह यादव, सोनू कुमार यादव, मोहम्मदपुर के सुरेश कुमार गौतम, सठियांव के भूपेन्द्र कुमार, अतरौलिया के अशोक कुमार, लालगंज के सौरभ कुमार मौर्य, मेंहनगर के राजेश कुमार, अजमतगढ़ के संन्तोष कुमार, बिलरियागंज के शेर बहादुर सरोज को कार्य में लापरवाही बरतने के आरोप में प्रतिकूल प्रविष्टि दी गई है। औसत प्रगति वाले कर्मचारियों को एक सप्ताह के अंदर लक्ष्य के अनुरूप कार्य पूरा करने की चेतावनी दी गई है। निर्धारित समय में कार्य पूरा न होने पर इनके खिलाफ भी कार्रवाई की जा सकती है। इनके अलावा जहानागंज के एटीएम जितेन्द्र कुमार, सठियांव के सुशील कुमार यादव, बिलरियागंज के गुरुवेन्द्र यादव, अजमतगढ़ के अनिल कुमार और अतरौलिया के अरविन्द कुमार को एक सप्ताह में कार्य पूरा न होने पर निष्कासन की चेतावनी दी गई है।