आजमगढ़। कोरोना काल के बीच डीएवी व शिब्ली पीजी कॉलेज में यूजी व पीजी के लिए प्रवेश परीक्षाएं करवाई जाएंगी। इन दोंनों कालेजों में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए अलग-अलग दिनों में परीक्षा कराई जा रही है। परीक्षा के आधार पर ही छात्रों का मेरिट बनेगा। जिसके आधार पर उन्हें प्रवेश दिया जाएगा।
डीएवी पीजी कालेज की प्राचार्य सुचिता श्रीवास्तव ने बताया कि प्रवेश परीक्षाएं 15 सितंबर से ही शुरू हो गई जो 26 सितंबर तक होंगी। यूजीसी की गाइडलाइंस को ध्यान में रखते हुए इन परीक्षाओं को कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि 15 सितंबर को बीकॉम प्रथम वर्ष की प्रवेश परीक्षा अपराह्न दो बजे से शाम चार बजे तक हुई। वहीं बीए प्रथम वर्ष में छात्राओं की प्रवेश परीक्षा 26 सितंबर को पूर्वाह्न 10 बजे से लेकर दोपहर 12 बजे तक होगी। वहीं शाम की पाली में छात्रों की प्रवेश परीक्षा दो बजे से शाम चार बजे तक होगी। शिब्ली पीजी कालेज के प्राचार्य डा. शलमान अंसारी ने बताया कि सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए अभी यूपी व पीजी की प्रवेश परीक्षा कराई जा रही है। परीक्षा खत्म होने के बाद ही प्रवेश लिया जाएगा। वहीं श्री दुर्गा जी पीजी कालेज चंडेश्वर के प्राचार्य डा. सतोष सिंह ने बताया कि मेरिट के आधार पर प्रवेश दिया जा रहा है।