आजमगढ़। एडीजी जोन वाराणसी बृजभूषण ने शनिवार को वार्षिक निरीक्षण के तहत पुलिस लाइन, महिला थाना और शहर कोतवाली का निरीक्षण किया। एएचटीयू यूनिट का लोकार्पण किया।
पुलिस लाइन में उनको गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। उन्होंने स्टोर, मोटर परिवहन में चालक के मीटर, सायरन, सफाई का हाल जाना। बैरक में पंखा व वायरिंग दुरुस्त कराने को कहा। पानी की टंकियों की सफाई पर ध्यान देने को कहा। पुलिस लाइन के राजकीय आवास व आदेश कक्ष में पत्रावलियों का अवलोकन किया। क्राइम मिटिंग के बाद एडीजी जोन शहर कोतवाली पहुंचे जहां उन्होंने एएचटीयू यूनिट का लोकार्पण किया। इसके पश्चात महिला थान व शहर कोतवाली का निरीक्षण किया। डीआईजी सुबाष चंद्र दुबे, एसपी सुधीर कुमार सिंह, एसपी सिटी पंकज कुमार पांडेय, एसपी ग्रामीण सिद्धार्थ, एसपी यातायात सुधीर जायसवाल, सभी क्षेत्राधिकारी आदि मौजूद रहे।
पुलिस लाइन सभागार में पुलिस कर्मियों के साथ संवाद को दौरान उन्होंने सभी कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए मास्क लगाने और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने की अपील की। सभी थाना व कोतवाली के प्रभारियों व क्षेत्राधिकारियों की बैठक में अपराध की स्थिति व अपराधियों पर कार्रवाई के बारे में जानकारी ली गई। संभ्रांत लोगों से बैठक में कोरोना संक्रमण को देखते हुए गाइड लाइन का कड़ाई से पालन करने की हिदायत दी।