वार्षिक निरीक्षण-2026 के दूसरे दिन मंगलवार को अपर पुलिस महानिदेशक वाराणसी जोन नवीन अरोरा ने पुलिस लाइन का निरीक्षण किया। उन्होंने परेड की सलामी लेने के बाद नौ टोलियों का निरीक्षण किया।
इस दौरान पुलिसकर्मियों के अनुशासन, टर्नआउट और प्रदर्शन का जायजा लिया। उत्कृष्ट टर्नआउट वाले पुलिसकर्मियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन भी किया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस उपमहानिरीक्षक आजमगढ़ परिक्षेत्र सुनील कुमार सिंह और एसपी डॉ. अनिल कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। एडीजी ने पुलिस लाइन ग्राउंड में वामा सारथी उत्तर प्रदेश पुलिस फैमिली वेलफेयर एसोसिएशन के अंतर्गत स्थापित क्रिकेट प्रैक्टिस नेट और प्रकाश व्यवस्था के लिए लगाई गई चार हाईमास्ट लाइटों का उद्घाटन किया।
इससे पुलिसकर्मियों और उनके परिवार के सदस्यों को खेल गतिविधियों में सहूलियत मिलेगी। इसके बाद उन्होंने डॉग स्क्वायड, डायल-112 के वाहनों और उनमें उपलब्ध उपकरणों, मेस, आरक्षी बैरक, जूडो-कराटे प्रशिक्षण स्थल, जिम, क्रेच नन्हे सितारे, क्वार्टर गार्ड और एमटी शाखा का निरीक्षण किया। अधिकारियों को संसाधनों का उचित रखरखाव करने और पुलिसकर्मियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
00
वेतन विसंगतियों के निस्तारण के दिए निर्देश
निरीक्षण के बाद एडीजी ने पुलिस लाइन में सैनिक सम्मेलन आयोजित कर पुलिसकर्मियों की व्यक्तिगत और विभागीय समस्याएं सुनीं। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने वेतन संबंधी विसंगतियों सहित अन्य समस्याएं उनके सामने रखीं। एडीजी ने समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को उनका नियमानुसार और समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिसकर्मियों को अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन करने और आमजन के प्रति संवेदनशील और सहयोगात्मक व्यवहार बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। इस मौके पर एसपी नगर मानुष पारीक, एसपी यातायात पंकज श्रीवास्तव, जिले के सभी क्षेत्राधिकारी और थाना प्रभारी मौजूद रहे। इसके अलावा जौनपुर, चंदौली, मिर्जापुर, सोनभद्र और भदोही से आए आईपीएस अधिकारी भी निरीक्षण कार्यक्रम में शामिल हुए।