आजमगढ़। जांच के आदेश के बाद भी ठीक से रिपोर्ट ना देने पर एडीए सचिव पर नाराजगी जताई है। साफ कहा है कि सचिव अपने कार्य के प्रति गंभीर नहीं हैं। चेतावनी के साथ कमिश्नर ने एडीए सचिव से एक सप्ताह में सिधारी से सर्किट हाउस तक हुए अवैध निर्माण की सूची तलब की है। कमिश्नर कनक त्रिपाठी ने सचिव विकास प्राधिकरण बाबू सिंह को सर्किट हाउस से सिधारी थाना तक हुए अवैध निर्माण की विस्तृत जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई कर अवगत कराने के निर्देश दिए थे। साथ ही कहा था कि विशेष रूप से अंकित किया जाए कि निर्मित भवन सरकारी भूमि पर है या ग्रीनलैंड में है। इसके बावजूद सचिव, आजमगढ़ विकास प्राधिकरण ने मात्र एक रोड पर हुए नौ अवैध निर्माणों की अधूरी सूचना प्रस्तुत कर दी। इन निर्माणों के विरुद्ध कोई भी ठोस एवं प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है। इस पर कमिश्नर ने कहा कि इससे यह परिलक्षित हो रहा है कि सचिव मात्र खानापूर्ति के लिए कागजी कार्यवाही कर रहे हैं। यह आपत्तिजनक है। सचिव आजमगढ़ विकास प्राधिकरण को निर्देशित किया कि आजमगढ़ विकास प्राधिकरण क्षेत्र में हुए अथवा हो रहे अवैध निर्माण कार्यों की जांच कर अधिनियम के अनुसार प्रभावी कार्यवाही करते हुए विस्तृत आख्या एक सप्ताह में प्रस्तुत करें।