आजमगढ़। एडीए की ओर से अनाधिकृत रूप से की गई प्लाटिंग और अवैध निर्माणों पर कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में एडीए सचिव द्वारा पुलिस की मौजूदगी में नरौली क्षेत्र में 5000 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में की गई 24 अवैध प्लाटिंगों को जेसीबी के सहारे गिराया गया।
एडीए सचिव बैजनाथ ने बताया कि साहिल डेवलपर्स, सल्लू और अन्य के द्वारा 16 फीट के रोड को दर्शाते हुए 5000 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में अनाधिकृत रूप से 24 प्लाटों का निर्माण किया गया था। इसके लिए डेवलपर्स और अन्य सभी को नोटिस जारी करते हुए उक्त मामले की सुनवाई की गई। 18 दिसंबर 2018 को ध्वस्तीकरण का आदेश पारित हुआ। इस आदेश पर गुरुवार को सिधारी पुलिस के साथ मिलकर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई। इसके साथ ही सभी को निर्देशित किया गया कि बिना ले आउट स्वीकृत कराए अनाधिकृत प्लाटिंग न करें अन्यथा ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी।