हादसे के बाद विभागीय अधिकारी और न ही स्कूल संचालक गंभीर नजर आ रहे हैं। स्कूल संचालक मानक के अनुरूप बस चलाने का दावा कर रहे हैं। विभाग की ओर से अनफिट स्कूली वाहन संचालकों को कई बार नोटिस जारी किया गया है। अब परिवहन विभाग ने सख्त चेतावनी दी है कि यदि अनफिट स्कूली वाहन सड़क पर दिखे तो संबंधित स्कूल के संचालक पर कार्रवाई होगी। जिले में करीब 1076 निजी स्कूल वाहन चल रहे हैं। इनमें करीब 250 वाहन अनफिट है। इनमें करीब 150 वाहन ऐसे हैं जो अपनी निर्धारित उम्र को पूरी कर चुके है। जिन्हें सड़कों पर चलने के लिए पूरी तरह से रोक है। इसके बाद भी कुछ स्कूल संचालकों द्वारा मनमानी करते हुए उसे सड़कों पर दौड़ाया जा रहा है। जिसे लेकर परिवहन विभाग ने सख्त रुख अख्तियार किया है। विभाग ने स्कूल संचालकों को नोटिस जारी कर वाहनों को कटवाने के निर्देश दिए है। इसके बाद भी स्कूली वाहनों के संचालक इसे मानने को तैयार नहीं है। ऐसे में परिवहन विभाग की ओर से नोटिस जारी किया गया है। यदि स्कूल संचालक वाहनों का फिटनेस नहीं कराया तो स्कूल संचालकों पर कार्रवाई की जाएगी। एआरटीओ प्रशासन सतेंद्र कुमार यादव ने बताया कि करीब 150 बसें ऐसी हैं जो निर्धारित समय को पूरा कर चुकी है। इन्हें अब फिटनेस नहीं दिया जाएगा। यदि स्कूल संचालक नहीं मानेंगे तो उच्चाधिकारियों को पत्र लिखा जाएगा।