नगर क्षेत्र को साफ-सुथरा रखने के प्रयास में जुटी नगरपालिका को लाख कोशिशों के बाद भी सफलता नहीं मिल पा रही है। क्याेंकि कूड़ा उठने के बाद दुकानदार दुकानों की साफ-सफाई कर कूड़े को फिर सड़क किनारे फेंक रहे हैं। ऐसे में नगर पालिका ने ऐसे दुकानदारों पर नकेल कसने की तैयारी की है। कूड़ा उठाने के बाद अगर फिर कूड़ा फेंका गया तो उनपर कार्रवाई होगी। इतना ही नहीं अगल-बगल के दुकानदारों से भी जुर्माने की वसूली होगी। पालिकाध्यक्ष सरफराज आलम मंसूर ने जबसे नगर पालिका का कार्यभार संभाला है। तबसे वह नगरपालिका क्षेत्र की साफ-सफाई व्यवस्था को सुद्ढ़ बनाने में जुटे हुए हैं। रात के समय भी नपा कर्मियों को लगाकर सफाई कराई जा रही है। लेकिन उनकी इस मंशा पर नगर क्षेत्र के लोग ही पानी फेर रहे हैं। नगर पालिका कर्मियों के कूड़ा उठाने के बाद घरों और दुकानों का कचरा लाकर सड़क पर फेंका जा रहा है। जिससे दिनभर सड़क के किनारे कूड़ा पड़ा रहता है। ऐसे दुकानदारों और लोगों पर नकेल कसने की तैयारी पालिका प्रशासन ने कर ली है। अब कूड़ा उठने के बाद सड़कों के किनारे कूड़ा फेकने वालों पर जुर्माना लगाया जाएगा। इसके साथ ही जिन घरोंं या दुकानों के ईर्द गिर्द कूड़ा पड़ा मिलेगा उसके स भवन स्वामी के साथ ही अगल बगल के लोगों पर भी जुर्माना लगाया जाएगा।