आजमगढ़। सोशल मीडिया सहित अन्य माध्यमों से संज्ञान में आए प्रकरण में शिक्षा क्षेत्र महाराजगंज के प्राथमिक विद्यालय अराजीपेरगास सिंह की सहायक अध्यापक तिश्नह फैयाज के विरुद्ध शिक्षा विभाग ने सख्ती शुरू की है। आरोप है कि अध्यापिका बिना पूर्व स्वीकृति विदेश में रह रही हैं और लंबे समय से अवकाश पर हैं।इस मामले में पूर्व में सात नवंबर को साक्ष्य सहित आख्या देने का निर्देश दिया गया था। जिसके अनुपालन में खंड शिक्षा अधिकारी महाराजगंज की ओर से 13 नवंबर को अपनी व प्रधानाध्यापक की रिपोर्ट दी गई।
जिसमें यह स्पष्ट हुआ कि सहायक अध्यापिका अपने अध्यापन कार्य में रुचि नहीं ले रही हैं, बल्कि प्रधानाध्यापक एवं खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय के कर्मचारियों से मिलीभगत कर अपने दायित्वों से बचने का प्रयास कर रही हैं। जांच में यह भी सामने आया कि प्रत्येक शिक्षक के लिए एक वर्ष में न्यूनतम 220 कक्षाएं लेना अनिवार्य है। इसके विपरीत तिश्नह फैयाज को एक जनवरी 2024 से अब तक 410 कक्षाएं लेनी चाहिए थीं, जबकि उन्होंने मात्र 135 कक्षाएं ही लीं। इससे विद्यालय की शैक्षिक गुणवत्ता और निपुण भारत अभियान पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े हो गए हैं। स्थिति को गंभीर मानते हुए एडी बेसिक ने निर्देश दिया कि भविष्य में तिश्नह फैयाज का कोई भी अवकाश स्वीकृत न किया जाए, अंतिम निर्णय तक उन्हें कार्यभार ग्रहण न कराया जाए, उन्हें कोई वेतन या अन्य देयक का भुगतान न किया जाए।
आदेश में यह भी कहा गया है कि अवकाश से लौटने पर अध्यापिका, प्रधानाध्यापक और खंड शिक्षा अधिकारी सभी व्यक्ति अवकाश प्रकरण से जुड़े अभिलेखों सहित अधिकारी के समक्ष उपस्थित होकर अपना पक्ष प्रस्तुत करें। एडी बेसिक मनोज कुमार मिश्रा ने बताया कि मामले को लेकर जांच कराई जा रही है। दोषी मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।