आजमगढ़। मंडलायुक्त वीवी पंत ने बृहस्पतिवार को जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अस्पताल में तीन डॉक्टर अनुपस्थित पाए गए। इनके खिलाफ कार्रवाई का उन्होंने निर्देश दिया। इसके साथ ही डिजिटल एक्स-रे को जल्द से जल्द ठीक कराने को कहा। अस्पताल की साफ-सफाई व्यवस्था पर वे संतुष्ट नजर आए।
मंडलायुक्त के अस्पताल पहुंचते ही हड़कंप मच गया। उन्होंने दो वार्डों में पहुंच कर मरीजों का हाल लिया और इसके बाद शौचालय व अन्य जगहों पर सफाई व्यवस्था का हाल देख। दवा स्टोर का रिकार्ड चेक करने पर कुछ गड़बड़ी पाई गई, जिस पर उन्होंने चीफ फार्मासिस्ट अनिल राय को चेतावनी जारी किया। मीडियाकर्मियों ने अस्पताल परिसर में मेडिकल हालों के दलालों की मौजूदगी की शिकायत की। जिस पर उन्होंने चिह्नित कर सटीक सूचना उपलब्ध कराने को कहा ताकि जांच करा कर कार्रवाई की जा सके। अस्पताल के डिजिटल एक्स रे मशीन को जल्द ठीक कराने का उन्होंने एसआईसी डॉ. एसकेजी सिंह को निर्देश दिया। बाहर की दवा डॉक्टरों द्वारा लिखे जाने की शिकायत पर जांच कराने की बात कही। उन्होंने अस्पताल के अंदर अनाधिकृत रुप से मौजूद रहने वालों को भी बाहर निकालने का निर्देश अस्पताल प्रशासन को दिया।