हाईलॉस वाले 11 केवी फीडरों पर अपेक्षित सुधार न होने और लापरवाही बरतने वाले 23 कर्मचारियों के खिलाफ मुख्य अभियंता वितरण ने कार्रवाई की संस्तुति की है। इनमें आजमगढ़ और बलिया के पांच सहायक अभियंता, आठ अवर अभियंता, छह टीजी-2 और चार संविदा कर्मी शामिल हैं।
बिजली निगम जून के अंतिम सप्ताह से हाईलॉस वाले फीडरों की लगातार समीक्षा कर रहा है। बावजूद इसके दो माह में एटीएंडसी (एग्रीगेट टेक्निकल एंड कमर्शियल) हानियों में उम्मीद के मुताबिक सुधार नहीं हुआ।
मुख्य अभियंता रामबाबू ने बताया कि इसमें अभियंताओं, टीजी-2 और संविदा कर्मियों की लापरवाही सामने आई है। राजस्व वसूली भी ठीक नहीं रही। इसलिए उनके खिलाफ कार्रवाई की संस्तुति की गई है।
उन्होंने बताया कि एसडीओ फूलपुर, भूप सिंह, सरायमीर संदीप चंद्रा, एसडीओ नगर प्रथम बलिया शुभम मौर्य, एसडीओ द्वितीय चितबड़ागांव लक्ष्मण मिश्रा और एसडीओ द्वितीय हल्दी बैरिया राकेश कुमार के कार्यों में लापरवाही मिली है।
इसी प्रकार जेई फूलपुर जितेंद्र कुमार, सरायमीर सुनील तिवारी, सोहांव बलिया प्रवीण कुमार सिंह, बसबार बलिया नगर राजेश कुमार चौरसिया, टाउन चतुर्थ बलिया सुनील कुमार, रघुनाथपुर हिमालय चौहान, दुबहड़ बैरिया महमूद अख्तर और उपकेंद्र सोनवानी दिघार के प्रभुनाथ यादव ने विभागीय निर्देशों का अनुपालन नहीं किया और सक्रिय रूप से कार्य नहीं किया।
उन्होंने बताया कि हाईलाइन लॉस वाले फीडर सरायमीर टाउन एक पर तैनात निविदाकर्मी अरमान, चितबड़ागांव के लाइनमैन चांदबाबू, बलबार के लाइनमैन सुनील कुमार सिंह और सोनबानी के लाइनमैन मारकंडेय सिंह ने उच्चाधिकारियों के निर्देश के बाद भी अपने कर्तव्यों का सही से निर्वहन नहीं किया।
इसे गंभीरता से लेते हुए संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की संस्तुति की गई है। अधिकारियों को हानियों में कमी लाने के लिए प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं।
00
हाईलॉस वाले फीडरों की लगातार समीक्षा हो रही है। दो माह बीतने के बाद भी एटीएंडसी (एग्रीगेट टेक्निकल एंड कमर्शियल) हानियों में सही सुधार नहीं हुआ। इसे गंभीरता से लेते हुए संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की संस्तुति की गई है। -इंजी. रामबाबू, मुख्य अभियंता वितरण आजमगढ़ जोन।