मुबारकपुर क्षेत्र में ईंट भट्ठे का निरीक्षक करते एसडीएम गौरव कुमार।
- फोटो : AZAMGARH
आजमगढ़। कई ईंट भट्ठा संचालकों ने रायल्टी जमा ही नहीं की है। ऐसे चार ईंट भट्ठों पर रविवार को ज्वाइंट मजिस्ट्रेट व एसडीएम सदर गौरव कुमार के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई की। खनन निरीक्षक सुनील कुमार मौर्य कच्ची ईंटों को तोड़वा दिया और भट्ठा मालिकों को थाने ले गए। बाद में आधी धनराशि जमा करने के आश्वासन पर उनको छोड़ा गया।
जनपद में कुल 501 ईंट भट्ठों का संचालन हो रहा है। इनमें से 223 ईंट भट्ठों पर रायल्टी के डेढ़ करोड़ रुपये बकाया हैं। खनन निरीक्षक की ओर से कई बार नोटिस जारी करने के बाद भी ईंट भट्ठा संचालकों रायल्टी नहीं जमा कराई। खनन निरीक्षक की शिकायत पर जिलाधिकारी ने सभी तहसीलों के एसडीएम और खनन निरीक्षक की टीम बनाकर ऐसे लोगों पर कार्रवाई का निर्देश दिया है। रविवार को ज्वाइंट मजिस्ट्रेट गौरव कुमार और खनन निरीक्षक ने सदर तहसील क्षेत्र के चार ईंट भट्ठों पर कार्रवाई की। अमरपाल सिंह ईंट भट्ठा उद्योग बिंदमठिया पर 696897 रुपये, आशीष ईंट भट्ठा उद्योग गुजरपार पर 514877 रुपये, पीएसके ईंट उद्योग मसोना पर 418232 और बीएसए ईंट उद्योग दामोदरपुर लोहरा पर 738433 रुपये का बकाया है। इन ईंट भट्ठों पर मिली कच्ची ईंटों को तोड़वा दिया गया। भट्ठा मालिकों को संबंधित थाने पर भेज दिया गया। भट्ठा मालिकों ने एक हफ्ते में बकाया रायल्टी का आधा पैसा जमा करने का आश्वासन दिया तब जाकर उन्हें थाने से छोड़ा गया।