महराजगंज। स्थानीय थाना क्षेत्र के कुड़ही गांव में रविवार को दिन में ट्रैक्टर की चपेट में आकर पांच बालक घायल हो गए थे। गंभीर रूप से घायल एक बालक की रविवार की देर रात इलाज के दौरान मौत हो गई थी। घटना के बाबत परिजनों ने चालक के खिलाफ नामजद तहरीर दी थी। पुलिस ने आरोपी चालक जोगिन्दर शर्मा पुत्र जनार्दन शर्मा निवासी कुड़ही को गिरफ्तार कर लिया है।
कुड़ही गांव निवासी 10 वर्षीय शिवा पुत्र रमेश, 15 वर्षीय अंश व 10 वर्षीय अर्पित पुत्रगण धर्मराज, 12 वर्षीय ओंकार पुत्र रामजीत व 11 वर्षीय गौतम पुत्र सुखकरन रविवार को दिन में लगभग एक बजे गांव के चकरोड के पास खेल रहे थे। इसी दौरान जोगिन्दर शर्मा ने लापरवाही से ट्रैक्टर चलाते हुए पांचों बच्चों को अपनी चपेट में ले लिया था। शिवा की हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने हॉयर सेंटर रेफर कर दिया था। रविवार की देर रात उसकी मौत हो गई थी। पुलिस ने जोगिन्दर शर्मा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। मंगलवार को पुलिस ने आरोपी जोगिन्दर शर्मा को कुड़ही ढाला के पास से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।