महराजगंज थाने की पुलिस ने मंगलवार की अलसुबह क्षेत्र के शिवशंकरी मोड़ पर हुए मुठभेड़ के दौरान 12 हजार रुपये के इनामी बदमाश को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से एक बाइक, तमंचा, लूट के रुपये और करीब पांच लाख रुपये मूल्य के आभूषण बरामद हुए हैं। जिसने उसे महराजगंज कस्बे में गत दिनों सराफ की हत्या कर लूटा था। इसका खुलासा मंगलवार को पुलिस लाइन में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान पुलिस अधीक्षक दिनेश चंद्र दूबे ने किया। उन्होंने कहा कि पुलिस टीम को पुरस्कार और प्रशस्ति-पत्र दिया जाएगा।
एसपी के अनुसार थानाध्यक्ष महराजगंज चंद्रभाष्कर द्विवेदी ने मुखबिर की सूचना पर अपनी टीम के साथ क्षेत्र के शिवशंकरी मोड़ पर घेरेबंदी की थी। तभी मुंह बांधे बदमाश बाइक से आते दिखा। एसओ ने रोकने का इशारा किया तो पुलिस पार्टी पर फायर करते हुए वह भागने लगा। लेकिन उसे दबोच लिया गया। पकड़ा गया बदमाश अमरेज उर्फ दिनेश यादव पुत्र जालंधर महराजगंज थाने के महेशपुर (सनपुर) गांव का निवासी है। इसके पास से 31 थान सोने और चांदी के आभूषण और 3,0500 रुपये और तमंचा व कारतूस बरामद हुआ है। बरामद आभूषणों में चार सोने के कंगन, एक जोड़ी झुमकी, तीन चेन, मोती जड़ित मंगलसूत्र, दो मांगटीका आदि शामिल है। बरामद आभूषणों की कीमत करीब पांच लाख रुपये आंकी गई थी। एसपी ने बताया कि अमरेज के पास से मिली बाइक का इस्तेमाल इसने 13 दिसंबर की शाम महराजगंज कस्बा निवासी सराफा राजेश जायसवाल की हत्या के बाद भागने में किया था। एसपी के अनुसार राजेश की हत्या का पूरा षड्यंत्र अमरेज ने ही रचा था। इसका खुलासा महराजगंज पुलिस ने 27 दिसंबर को घटना में शामिल चार हत्यारोपियों की गिरफ्तारी कर किया था। लेकिन अमरेज फरार चल रहा था।
उसकी गिरफ्तारी न होने पर डीआईजी आजमगढ़ रेंज ने अमरेज पर 12 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। एसपी ने बताया कि सराफ हत्याकांड में शामिल सभी आरोपियों और हत्या कर उसके पास से गए सारे आभूषणों. लाकर की चाबी आदि बरामद करने पर एसओ महराजगंज और उनकी पूरी टीम को पांच हजार का नगद पुरस्कार और प्रशस्ती पत्र दिया जाएगा।