आजमगढ़। जनपद के निजामाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम फरिहा निवासी रजिया बानो पत्नी रईस अहमद द्वारा परिवार सहित शुक्रवार को कलेक्ट्रेट के सामने स्थित मेहता पार्क में धरने पर बैठ गई। रजिया बानो ने थाना निजामाबाद पर अपने पति को फर्जी मुकदमे में फंसाने का आरोप लगाया।
रजिया बानो ने कहा कि 18 दिसंबर की शाम करीब चार बजे सादे ड्रेस में छह पुलिस वाले उसके पति को उठा ले गए और थाने में ले जाकर बंद कर दिया। उसी रात करीब 11 बजे बंदूक की नोक पर शेरपुर तिराहा पर जबरदस्ती कुछ सामान उठाने को कहा और मेरे पति की जेब में पांच हजार रुपये भी डाल दिया और कहा कि लेकर भागो हम वीडियो बना रहे हैं। अगर भागने लगे तो गोली मार देंगे।
पुलिस द्वारा मेरे पति को फर्जी तरीके से तीन चोरी का आरोप लगाकर 19 दिसंबर को जेल में डाल दिया गया। डीआईजी से मिलकर लिखित तहरीर भी दी लेकिन अभी तक न्याय नहीं मिला। पीड़िता ने बताया कि न्याय के लिए आज मेहता पार्क में परिवार के साथ धरने पर बैठी हूं। जिलाधिकारी से हमारी मांग है कि मामले में निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाय।