आजमगढ़। जनपद में माध्यमिक शिक्षा परिषद से जुड़े मूल्यांकन कार्य को लेकर गंभीर अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के आरोप सामने आए हैं।
नव जागृति सेवा संस्थान के सत्य विजय राय ने अपर मुख्य सचिव, माध्यमिक शिक्षा विभाग, उत्तर प्रदेश को पत्र भेजकर उर्दू शिक्षकों से सामाजिक विज्ञान की कापियों का मूल्यांकन कराने का आरोप लगाया था।
इस पर जिला विद्यालय निरीक्षक ने प्रधानाचार्य को पत्र जारी कर संबंधित शिक्षकों का अभिलेख तलब किया है। शिकायत में सत्य विजय राय ने कहा था कि वर्ष 2026 की परीक्षा में सामाजिक विज्ञान विषय की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन उर्दू विषय के शिक्षकों से कराया गया, जो निर्धारित मानकों और न्यायालय के निर्देशों के खिलाफ है।
आरोप है कि इस पूरे प्रकरण में उच्च स्तर पर आदेश पारित कर न्यायालय की मंशा की अवहेलना की गई।
पत्र में आरोप लगाया था कि एक विद्यालय में कार्यरत उर्दू विषय के अध्यापकों का उप्र माध्यमिक शिक्षा परिषद की वेबसाइट पर सामाजिक विज्ञान विषय अपलोड कर मूल्यांकन कार्य कराया गया है।
इस शिकायत को गंभीरता से लेकर अपर मुख्य सचिव माध्यमिक शिक्षा के निर्देश पर जिला विद्यालय निरीक्षक मनोज कुमार ने बृहस्पतिवार को इंटर काॅलेज को पत्र जारी कर स्पष्टीकरण तलब करते हुए संबंधित शिक्षकों की शैक्षिक योग्यता और नियुक्ति पत्र की प्रमाणित प्रतियां उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है।