आजमगढ़। बिलरियागंज थाना क्षेत्र की एक युवती ने बृहस्पतिवार को सिंदूर पीकर जान देने की कोशिश की। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सिंदूर पीने से पहले युवती ने अपने प्रेमी को इसके लिए जिम्मेदार ठहराया है। उक्त युवती का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। युवती हाथों से सिंदूर घोल रही है और रोते हुए वीडियो बना रही है। वह कह रही है कि अपने प्रेमी को लेकर काफी परेशान है। उसकी मौत का जिम्मेदार वही है। वह रहे या न रहे, इसके लिए सिर्फ उसका प्रेमी ही जिम्मेदार होगा। उसके पेट में उसका बच्चा है। जब उसने शादी के लिए कहा उसने बच्चा गिराने की बात कह दी। इस दौरान उसकी शादी भी दूसरी जगह तय कर दी गई है। उसके भाई जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। इसके बाद वह वीडियो में घोले गए सिंदूर को पीते हुए दिखती है। उसकी हालत खराब होने पर परिजनों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं इसकी शिकायत ट्विटर पर आजमगढ़ पुलिस से की गई है। एसपी सिटी शैलेंद्र लाल ने कहा कि युवती के प्रेमी को हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।