रानी की सराय। तहसीलों में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में सर्वाधिक मामले जमीन संबंधी आए। वहीं, इस बार भी फरियादियों को आश्वासन की घुट्टी ही मिली। ज्यादातर फरियादियों को निराश लौटना पड़ा। समाधान दिवस में 85 शिकायतें आईं, लेकिन मौके पर सिर्फ 12 का निस्तारण हो पाया।जिलाधिकारी विशाल भारद्वाज व पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य की अध्यक्षता में तहसील निजामाबाद में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इसमें डीएम ने अधिकारियों को जन समस्याओं के त्वरित एवं गुणवत्तायुक्त निस्तारण करने का निर्देश दिया। इस अवसर पर कुल 85 मामले आए, जिसमें से 12 मामलों का मौके पर निस्तारण किया गया। शेष 73 मामलों संबंधित विभागों के अधिकारियों को सौंप दिए गए। डीएम ने कहा कि यदि समस्याओं का निस्तारण प्रारंभिक स्तर पर ही कर दिया जाए तो जनता को मुख्यालय तक नहीं जाना पड़ेगा। मेंहनगर प्रतिनिधि के अनुसार मेंहनगर तहसील में सभागार में उप जिलाधिकारी संत रंजन की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान 45 शिकायती प्रार्थना पत्र पड़े। जिसमें सर्वाधिक मामले राजस्व के 32, पुलिस 11, विकास दो शिकायती पत्र पड़े। इस मौके पर मात्र चार का निस्तारण किया गया। बाकी को तहसील स्तरीय अधिकारियों को गुणवत्ता पूर्ण शिकायत का निस्तारण करने के निर्देश दिया।