फर्जी दस्तावेज के जरिए नाम, पिता का नाम और जन्मतिथि बदलकर अलग-अलग पासपोर्ट बनवाने के आरोपी मोहम्मद तारिक को गंभीरपुर पुलिस ने रोहुआ मोड़ से गिरफ्तार किया है। सीओ सदर आस्था जायसवाल ने बताया कि 13 मई को एसआई अरविंद कुमार यादव की तहरीर पर गंभीरपुर थाने में आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। आरोप था कि गंभीरपुर थाना क्षेत्र के मंगरावा रायपुर गांव निवासी मोहम्मद तारिक ने कूटरचित दस्तावेजों का इस्तेमाल करके अपना नाम, पिता का नाम और जन्मतिथि बदलते हुए अलग-अलग पासपोर्ट बनवा लिए थे। विवेचना के दौरान साक्ष्यों के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई।
जहानागंज में भी दो दिन पहले फर्जी पासपोर्ट का आया था मामला
आजमगढ़। जहानागंज थानाध्यक्ष अतुल कुमार मिश्रा ने बताया कि बरहतीर गांव निवासी बेलाल अहमद ने साल 2016 में P5932243 नंबर का पासपोर्ट बनवाया था। इस आवेदन में उसने मौलवी का अंकपत्र और शपथ पत्र संलग्न करते हुए अपना नाम बेलाल अहमद तथा जन्मतिथि 1 जनवरी 1987 दर्ज कराई थी। इसके बाद साल 2024 में उसने B9456696 नंबर का दूसरा पासपोर्ट बनवाया, जिसमें अपना नाम अलमद बेलाल और जन्मतिथि 1 जनवरी 1997 दर्ज कराई थी। जांच में यह भी सामने आया कि दूसरे पासपोर्ट के आवेदन के साथ लगाए गए आधार कार्ड, बैंक पासबुक और पैन कार्ड सहित अन्य दस्तावेजों में भी अलग-अलग विवरण दर्ज थे। जांच में प्रथम दृष्टया अलग पहचान और कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर दूसरा पासपोर्ट प्राप्त करना नियमों के विपरीत पाया गया है। मामले में आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करके जांच शुरू कर दी गई है।
फर्जी दस्तावेजों के आधार पर पासपोर्ट और अन्य सरकारी अभिलेख तैयार करने वालों के खिलाफ जिले में लगातार अभियान चलाया जा रहा है। मामले में आराेपी को गिरफ्तार किया गया है। विवेचना के दौरान सामने आए सभी तथ्यों की गहन जांच की जा रही है। यदि मामले में किसी अन्य व्यक्ति या गिरोह की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। - आस्था जायसवाल, क्षेत्राधिकारी सदर आजमगढ़।