आजमगढ़। सिधारी थाना क्षेत्र के नई कालोनी पल्हनी में मंगलवार की रात नए साल की पार्टी मनाने के दौरान हुए हत्याकांड का गुरुवार को पुलिस ने खुलासा कर दिया। पुलिस ने आरोपी जीजा को रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार करने का दावा करने के साथ ही हत्या में प्रयुक्त रिवाल्वर भी बरामद कर लेने का दावा किया है।
बरदह थाना क्षेत्र के भगवानपुर ठेकमा गांव निवासी अभिषेक सिंह पुत्र सुरेंद्र सिंह अपने परिवार के साथ सिधारी थाना अंतर्गत नई कालोनी पल्हनी में किराये के मकान में रहता था। मंगलवार को नए साल की पार्टी मनाने उसका साला भी यहां आया हुआ था। देर रात शराब के नशे में धुत होने के बाद जीजा-साला में किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इसी दौरान जीजा ने रिवाल्वर से साले पर फायर झोंक दिया। गोली साले के सिर में लगी और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद से जीजा फरार था। सूचना पर रात में ही सिधारी थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। शव को पीएम के लिए भेज दिया गया। वहीं मृतक प्रदीप सिंह के पिता गोविंद सिंह की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा भी पंजीकृत कर लिया। एसपी त्रिवेणी सिंह ने हत्यारे जीजा के गिरफ्तारी को लेकर सीओ सिटी के नेतृत्व में तीन टीम गठित की थी। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने नाकेबंदी कर हत्यारोपी अभिषेक सिंह को धर दबोचा। उसके निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त रिवाल्वर, जिंदा व खोखा कारतूस भी बरामद किया है।
मृतक व हत्यारोपी दोनों है शातिर अपराधी
एसपी त्रिवेणी सिंह ने बृहस्पतिवार को प्रेसवार्ता कर घटना का अनावरण किया। बताया कि हत्यारोपी और मृतक दोनों शातिर अपराधी हैं। हत्यारोपी अभिषेक सिंह पर लूट, हत्या, छिनैती, गैंगेस्टर के दस मुकदमे बरदह थाना में दर्ज हैं। वहीं मृतक प्रदीप सिंह भी अपराधी प्रवृत्ति का था। इस पर भी चार मुकदमे दर्ज है। तीन जौनपुर जिले में है तो एक शहर कोतवाली में।
सरकारी रिवाल्वर से की गई है हत्या
साले की हत्या में जीजा ने सरकारी रिवाल्वर से की है। एसपी ने बताया कि बरामद रिवाल्वर .38 बोर का है और मेड इन यूएसए है। जिसका आर्सेनल नंबर 834332 है। यह रिवाल्वर आरोपी के पास कैसे आया, इसकी भी जांच कराई जा रही है। चूंकि रिवाल्वर सरकारी है तो निश्चित तौर पर इस आर्सेनल नंबर की रिवाल्वर गायब होने की रिपोर्ट किसी न किसी थाने में दर्ज होगी। इसकी अलग से जांच कराई जाएगी ताकि यह पता चल सके कि हत्यारोपी के पास सरकारी रिवाल्वर कहां से आई।
हत्या के समय मौजूद था एक और व्यक्ति
आजमगढ़। जिस समय जीजा अभिषेक ने अपने साले प्रदीप की गोली मार कर हत्या की उस समय मौके पर एक व्यक्ति और भी मौजूद था। पुलिस अपने खुलासे में उस व्यक्ति का नाम सामने नहीं लाया है लेकिन अभिषेक सिंह को जब एसपी के समक्ष लाया गया तो पूछताछ में उसने बताया कि घटना के समय मौके पर अहरौला निवासी पिंकू सिंह भी मौजूद था और जिस रिवाल्वर से हत्या हुई है वह उसकी नहीं बल्कि पिंकू सिंह की ही थी। भोजन करते समय वह रिवाल्वर बाहर निकाल कर रखा था और उसने उसे उठा कर प्रदीप केे गोली मार दी। अभिषेक ने यह भी बताया कि साले से उसका अक्सर ही विवाद होता रहता था, जिसकी खुन्नस तो थी ही, वहीं पार्टी वाले दिन भी उसने गाली-गलौज की थी। जिस पर मैंने उसे गोली मार दी। अभिषेक के खुलासे से पुलिस हतप्रभ रह गई और पिंकू का नाम विवेचना में खोले जाने की बात कह छुपाने का असफल प्रयास भी किया।