06 सिक्योरिटी मनी हड़पने वाला गिरफ्तार आरोपी संजीत सिंह। संवाद
आजमगढ़। सिधारी थाने की पुलिस ने जिला आबकारी कार्यालय में जमा 7.60 लाख रुपये की सिक्योरिटी मनी हड़पने के आरोपी संजीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने सावधि जमा रसीद (एफडी) की छायाप्रतियों और बैंक कर्मियों से मिलीभगत कर धनराशि अपने खाते में ट्रांसफर करा ली थी।
सिधारी थाना प्रभारी शशिचंद्र चौधरी ने बताया कि 21 मई को प्रभारी आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-1 सदर प्रभु नारायण सिंह ने तहरीर दी थी। आरोप था कि राजेंद्र सिंह और उसके पुत्र संजीत सिंह निवासी ग्राम नेवादा थाना कप्तानगंज ने जिला आबकारी अधिकारी कार्यालय में प्रतिभूति के रूप में जमा सावधि जमा खातों में मौजूद 7.60 लाख रुपये की राशि कपटपूर्ण तरीके से हड़प ली। आरोपियों ने एफडी की छायाप्रति का उपयोग कर बैंक कर्मियों से मिलीभगत करते हुए रकम अपने खाते में स्थानांतरित करा ली। तहरीर पर थाना सिधारी में प्राथमिकी दर्ज की गई। शुक्रवार को उपनिरीक्षक मृत्युंजय सिंह पुलिस टीम के साथ क्षेत्र भ्रमण और अभियुक्त की तलाश में थे।
इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी भदुली अंडरपास के पास मौजूद है और भागने की फिराक में है। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने संजीत सिंह निवासी ग्राम नेवादा थाना कप्तानगंज को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने बताया कि उसके पिता राजेंद्र सिंह के नाम से गुलामी का पुरा क्षेत्र में देसी शराब की दुकान का लाइसेंस था, जो फरवरी 2026 में शराब उठान मानक के अनुरूप न होने के कारण निरस्त हो गया था। इसके बाद उसने अपने पिता के साथ यूनियन बैंक शाखा कटघर जाकर एफडी की दूसरी प्रति प्रस्तुत कर 7.60 लाख रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करा लिए। आरोपी ने पूछताछ में अपना जुर्म स्वीकार कर लिया।