आजमगढ़। एंटी करप्शन आजमगढ़ की टीम ने शुक्रवार को श्रीनगर सियरहा बाजार में लेखपाल केशपाल को पांच हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। लेखपाल के खिलाफ बिलरियागंज के हरखपुर पटवध कौतुक गांव निवासी सुनील चाैहान ने शिकायत दर्ज कराई थी। वरासत चढ़ाने के लिए लेखपाल ने पैसे मांगे थे। शिकायतकर्ता की शिकायत पर हुई कार्रवाई से लेखपालों एवं तहसील कर्मियों में खलबली मची है। बिलरियागंज थाना क्षेत्र के हरखपुर पटवध कौतुक गांव निवासी सुनील चौहान के नाना की मृत्यु हो चुकी है। जमीन की वरासत मां के नाम करानी थी। आरोप था कि फिरोजाबाद के नारखी के मरसलगंज गांव निवासी लेखपाल केशपाल ने 5000 रुपये मांगे थे। वह वर्तमान में सर्किट हाउस काॅलोनी डीआईजी आवास के बगल में सरकारी आवास में रहता था। सुनील से पैसे लेने के लिए वह शुक्रवार को श्रीनगर सियरहा बाजार बिलरियागंज गया था। वहां पहले से मौजूद एंटी करप्श्न की टीम ने सुनील द्वारा दिए गए पांच हजार रुपये के साथ दो लोक सेवक साक्षीगण के समक्ष गिरफ्तार कर नोट बरामद किए।