अहरौला। क्षेत्र के यूनियन बैंक इंडिया की शाखा फुलवरिया सूखीपुर में तैनात शाखा प्रबंधक सहित अन्य कर्मचारियों की कार्यशैली से नाराज खाताधारकों ने मनमानी, देरी और अभद्रता का आरोप लगाया है। उपभोक्ताओं का कहना है कि बैंक में समय से भुगतान व अन्य जरूरी कार्य नहीं किए जाते, जिससे उन्हें मानसिक, आर्थिक और शारीरिक कठिनाई का सामना करना पड़ता है।
शिकायतकर्ता बृजेश पाठक, उमाकांत मिश्रा, सत्यप्रकाश मिश्रा, जितेंद्र पाठक, गौरव प्रताप सिंह, सर्वेश पाठक, रमाकांत, जयनाथ तिवारी, शशिधर, अरविंद नाथ मिश्रा और रामजी ने खाताधारकों ने यूनियन बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक आजमगढ़ और रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया को शिकायती पत्र भेजकर अनियमितताओं की विभागीय जांच कर अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है। शिकायतकर्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि सुधार नहीं हुआ तो वे सार्वजनिक रूप से खाते बंद कराकर अन्य बैंक में खाते खुलवाएंगे। वहीं, इस संबंध में यूनियन बैंक फुलवरिया के शाखा प्रबंधक विनोद कुमार ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि किसी दिन विलंब हो सकता है, लेकिन उपभोक्ताओं की सुविधाओं का पूरा ध्यान रखा जाता है। उन्होंने कहा कि यदि किसी उपभोक्ता को व्यक्तिगत समस्या है तो वे सीधे उनसे शिकायत कर सकते हैं।