लालगंज। ग्राम प्रधान के चुनाव की तैयारी कर रहे दिलीप गिरि (40) की देवगांव कोतवाली क्षेत्र के गोसाईगंज बाजार स्थित सैलून में बुधवार सुबह सात-आठ लोगों ने घेर कर गोलियों से भून दिया। उस वक्त वह दाढ़ी बनवा रहे थे। उन्हें छह गोलियां लगी थीं। घटना के पीछे चुनावी रंजिश के साथ ही पुरानी रंजिश की भी बात सामने आ रही है। हालांकि पुलिस चुनावी रंजिश से इंकार कर रही है। हत्या की सूचना मिलते ही एसपी सिटी पंकज पांडेय के साथ ही कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंच गई थी। दिलीप गिरी की हत्या में मृतक के पुत्र वेद प्रकाश गिरी की तहरीर पर आठ के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है।
देवगांव कोतवाली क्षेत्र के सोठौली गोपालपुर गांव निवासी दिलीप गिरि पुत्र रमाशंकर गिरि इस बार ग्राम प्रधान का चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे थे। बुधवार सुबह साढ़े दसे बजे वह गोसाईगंज बाजार के चंद्रबदन कटरा स्थित सैलून पर अपने मित्र के साथ दाढ़ी बनवाने पहुंचे थे। दाढ़ी बनवाने के दौरान सात से आठ की संख्या में असलहों से लैस बदमाश दुकान पर पहुंचे और दिलीप पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। दिलीप को छह गोलियां लगीं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। ताबड़तोड़ फायरिंग से वहां भगदड़ मच गई, जिसे जिधर जगह मिली उधर ही भागा। वारदात के बाद बदमाश असलहा लहराते हुए भाग गए। सूचना पर पहुंची देवगांव पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों के अनुसार मृतक के मित्र ने बदमाशों को पहचान लिया है। हमलावरों में कुछ पड़ोसी भी बताए जा रहे हैं। नामजद किए गए अभियुक्तों की गिरफ्तारी केे लेकर पुलिस की कई टीम लगाई गई है। जल्द अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिए जाने का दावा पुलिस महकमा कर रहा है।
घटना की वजह पूर्व में हुई एक हत्या बताई जा रही है। जिसमें दिलीप भी अभियुक्त थे और दो साल पूर्व ही जेल से छूटे थे। संदिग्ध अभियुक्तों की तलाश में पुलिस की टीमें लगा दी गई हैं। मुकदमा दर्ज करने की कवायद की जा रही है। जल्द ही सभी हत्यारोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।
- सुधीर कुमार सिंह, एसपी आजमगढ़।