आजमगढ़। शहर कोतवाली क्षेत्र में रेस्टोरेंट में बुलाकर युवती को जहरीला पदार्थ खिलाने से हुई मौत के मामले में पुलिस ने वांछित आरोपी राहुल चौहान को प्राइवेट बस स्टैंड के पास से गिरफ्तार कर लिया। मृतका के भाई अजय चौहान की तहरीर पर शहर कोतवाली में हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
शहर कोतवाल यादवेंद्र पांडेय ने बताया कि पीड़िता को एक युवक द्वारा पहले से परेशान किया जा रहा था। 19 मार्च को आरोपी ने योजना बनाकर उसे एक परिचित के जरिए शहर के एक रेस्टोरेंट में बुलाया, जहां उसके साथ अभद्रता, छेड़छाड़ और मारपीट की गई। विरोध करने पर उसे जबरन जहरीला पदार्थ खिलाया गया, जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मामले में कोतवाली थाना पर संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस टीम ने जांच शुरू की। शुक्रवार को सूचना पर पुलिस ने प्राइवेट बस स्टैंड के पास से आरोपी राहुल चौहान को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पीड़िता को पहले से जानता था और विवाद के दौरान मारपीट हुई थी। इसके बाद पीड़िता ने जहरीला पदार्थ सेवन कर लिया। पुलिस ने आरोपी को अभिरक्षा में लेकर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।