फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के चमावा गांव के पास हादसे के बाद घायलों को अस्पताल ले जाती पुलिस।
मेजवां। फूलपुर के चमावा गांव के पास शनिवार की दोपहर में सड़क हादसे में निजामाबाद के धन्नीपुर विसराई गांव निवासी विपिन कुमार (25) की मौत हो गई, जबकि उसका साथी पवई के ओरिल खपड़िया चक गांव निवासी प्रदीप कुमार घायल हो गया। हादसे के बाद लोगों की भीड़ जुट गई। घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी फूलपुर पहुंचाया गया। जहां उसकी हालत नाजुक बनी है। पवई थाना क्षेत्र के ओरिल खपड़िया चक गांव निवासी प्रदीप कुमार और निजामाबाद क्षेत्र के धन्नीपुर विसराई गांव निवासी विपिन कुमार बाइक से बहन की शादी में जीजा को देने के लिए घड़ी खरीदकर घर लौट रहे थे। चमावा मोड़ के पास पहुंचे थे कि शाहगंज की ओर से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि विपिन कुमार की दुर्घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, बाइक पर पीछे बैठे प्रदीप कुमार घायल हो गए। विपिन के बहन की रविवार को बरात आनी है। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजन कोतवाली पहुंच गए। घर में शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। विपिन कुमार दो भाइयों और दो बहनों में सबसे बड़ा था। उसकी मौत से परिवार में मातम छाया हुआ है। कोतवाल देवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है।