लाटघाट। रौनापार थाना क्षेत्र के हाजीपुर गोला स्थित निर्माणाधीन पुल के पास रविवार की दोपहर सरयू नदी में नहाने गया सरवन यादव (28) डूब गया। देर शाम तक पुलिस और ग्रामीण उसकी तलाश में जुटे रहे। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
रौनापार थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत पिहार के नौतप्पी गांव निवासी सरवन यादव अपने पांच साथियों सचिन, कमलेश, रामभजन, परवेश और धनंजय के साथ रविवार सुबह करीब 11 बजे चार पहिया वाहन से सरयू नदी में नहाने पहुंचे थे। नाविक अनिल यादव ने बताया कि दोपहर करीब डेढ़ बजे चार युवक नदी के गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। नाविक और ग्रामीण तत्काल नाव लेकर पहुंचे। काफी प्रयास के बाद तीन युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि सरवन यादव तेज धारा में लापता हो गया। बचाए गए युवकों ने बताया कि सरवन यादव उनके साथ नहा रहा था और अचानक गहरे पानी में चला गया।
सूचना मिलने पर रौनापार पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश शुरू कराई। परिजनों ने बताया कि सरवन मुंबई में निजी कंपनी में नौकरी करता था। एक माह पहले ही घर आया था। उसकी तिलक की रस्म 21 नवंबर और शादी तीन दिसंबर को तय थी। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। थानाध्यक्ष सुनील कुमार दुबे ने कहा कि गोताखार पानी में उतरकर तलाश कर रहे हैं। देर शाम तक कहीं पता नहीं चला था।
टहलने निकले किसान की नहर में डूबने से मौत-महराजगंज। थाना क्षेत्र के बड़हरडीह स्थित शारदा सहायक नहर में रविवार की भोर एक व्यक्ति की डूबने से मौत हो गई। थाना प्रभारी अनुराग कुमार ने बताया कि रुपयनपुर गांव निवासी रामशब्द यादव (55) मिठाई की दुकान चलाते थे। लगभग एक माह से उनकी दुकान बंद चल रही थी। लेकिन, वह दुकान पर ही रहते थे। रोज की तरह रविवार सुबह करीब चार बजे टहलते हुए नहर की ओर गए थे। शौच के बाद वह पानी छूने के लिए नहर में उतरे, तभी पैर फिसलने से गहरे पानी में चले गए और डूबने से उनकी मौत हो गई।
कुछ देर बाद गांव के लोग टहलने निकले तो बड़हरडीह गांव के पास नहर में शव उतराता देख स्वजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे, पत्नी मुखराजी देवी समेत परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस को घटना की जानकारी देते हुए शव को बाहर निकाला। मृतक खेती-बारी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। एक बेटा ओमप्रकाश यादव तथा एक बेटी हैं, जिनकी शादी हो चुकी है। थाना प्रभारी शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।