आजमगढ़। अतरौलिया के सरैया रत्नावे स्थित पौहारी बाबा पोखरे में बुधवार को दोस्तों के साथ नहाने के लिए उतरा युवक डूब गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों और स्थानीय लोगों के सहयोग से उसे दो बाद पोखरे से बाहर निकलवाया। तहबरपुर के कस्बा निवासी 18 वर्षीय सौरभ यादव दोस्तों रवि और आदित्य यादव के साथ सुबह पौहारी जी के मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए आया था। पूजन के बाद तीनों दोस्त पोखरे में नहाने गए, जहां गहरे पानी में सौरभ डूबने लगा।
साथियों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन वह पानी में गहरे समा गया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग जमा हो गए। मंदिर के व्यवस्थापक अजीत कुमार सिंह उर्फ पप्पू ने तत्काल अतरौलिया थाना अध्यक्ष अमित कुमार मिश्रा को सूचना दी। सूचना मिलते ही वह टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। ग्रामीणों और गोताखोरों के सहयोग से कड़ी मशक्कत के बाद उसे शव को बाहर निकाला।
सौरभ दो घंटे तक पानी में डूबा रहा। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे। पोखरे से निकलने के बाद परिजन उसे लेकर अस्पताल गए। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने पुलिस से पोस्टमार्टम न कराने की मांग की। इस पर पुलिस ने शव को पंचनामा कर परिजनों के हवाले कर दिया। थानाध्यक्ष अमित कुमार मिश्रा ने बताया कि पोखरे में युवक के डूबने की सूचना पर पुलिस पहुंची और गोताखोरों की मदद से उसे बाहर निकलवाया। परिजन उसे अस्पताल ले गए जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।