बलरामपुर। शहर कोतवाली क्षेत्र के रोडवेज स्थित बस स्टैंड के पीछे एक होटल में शनिवार की दोपहर एसी मरम्मत करने के दौरान करंट उतरने से लगने से सिधारी थाना क्षेत्र के एकरामपुर निवासी प्रताप (21) की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही होटल परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
चचेरा भाई राजेश ने बताया कि प्रताप तीन बहनों में अकेला भाई था। वह एसी बनाने का काम करके परिवार की जीविका चलाता था। इन दिनों वह एक एसी मकैनिक के साथ काम कर रहा था। दोनों शनिवार की सुबह घर से निकले थे। शहर के रोडवेज स्थित बस स्टैंड के पीछे एक होटल में दोपहर को एसी की सर्विसिंग कर रहे थे। इसी दौरान प्रताप को अचानक करंट लग गया। उसके अचेत होने की जानकारी होने पर स्टाॅफ के लोगों ने उसे एंबुलेंस से एक प्राइवेट अस्पताल ले जाया गया। वहां डाॅक्टर ने हालत गंभीर होते देख हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया। स्वजन एबुलेंस से लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। वहां डाॅक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। कोतवाल यादवेंद्र पांडेय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।