अतरौलिया। थाना क्षेत्र के भगतपुर गांव में बृहस्पतिवार की सुबह बिजली गिरने से एक युवक की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अतरौलिया थाना क्षेत्र के भगतपुर गांव निवासी इंद्रदेव मौर्य ने बताया कि उनका पुत्र प्रदीप (23) सुबह पांच बजे शौच के लिए सिवान में जा रहा था। तभी हल्की बूंदाबादी के बीच आकाशीय बिजली गिरी।
इससे प्रदीप गंभीर रूप से झुलस गया। परिजनों प्रदीप को रामनगर के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
थाना अध्यक्ष अमित कुमार मिश्रा, तहसीलदार शिव प्रकाश सरोज और राजस्व निरीक्षक प्रेम प्रकाश यादव मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रदीप गुजरात में निजी कंपनी में नौकरी करता था।
वह कुछ दिन पहले अपनी मां शकुंतला देवी के इलाज के लिए घर आया था। तहसीलदार शिव प्रकाश सरोज ने बताया कि प्राकृतिक आपदा में मृतक के परिवार को राज्य आपदा मोचन कोष से आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। पंचनामा रिपोर्ट तैयार कर ली गई है। कोटेदार के माध्यम से राशन की व्यवस्था भी करा दी गई है।