रानी की सराय। थाना के दिलौरी गांव के पास आजमगढ़-लखनऊ मार्ग पर अमर शहीद इंटर काॅलेज के पास ओवरटेक के दौरान चार पहिया वाहन की चपेट में आकर बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई। जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम को भेजा, जबकि घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार की देर रात साढ़े नौ बजे के करीब दिलौरी के पास अमर शहीद इंटर काॅलेज के पास एक अन्य घटना में ओवरटेक के चक्कर में अज्ञात वाहन से बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस घटना में बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को उपचार के लिए अस्पताल भेजने की व्यवस्था की। लेकिन सरायमीर थाना के खनिगह गांव निवासी सुधीर गौड़ 28 पुत्र संतोष की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके साथ बाइक पर सवार उसके दोस्त सनी 26 पुत्र घनश्याम को उपचार के लिए अस्पताल में भेजा गया। पुलिस की सूचना पर मौके पर पहुंचे परिवार के सदस्यों ने बताया कि सुधीर तीन भाईयों में छोटा था,। उसकी दो बहन हैं। वह रानी की सराय थाना के पटेल नगर स्थित एक रिश्तेदारी में जा रहा था। इस बीच यह घटना हो गई। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मचा है।