लाटघाट/ सगड़ी। जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के सतना बलुआ गांव में बृहस्पतिवार की देर रात लक्ष्मी पूजा के दौरान एक युवक ने जमीन विवाद में ननिहाल आए किशोर को गोली मार दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
लक्ष्मी गणेश के समय महिलाएं पूजा कर रही थीं। इस दौरान प्रदीप कुमार पटेल पुत्र प्रेमचंद (23) शराब के नशे में मूर्ति के पास पहुंचा। उसी दौरान उसने अवैध असलहे से फायर शुरू कर दिया। इस दौरान उसकी मां सुनीता व दो भाई सुजीत और भोलू ने उसको पकड़ कर घर के अंदर कर दिया और ताला बाहर से बंद कर दिया।
उसके बाद वह सीढ़ी के रास्ते छत पर पहुंचकर शौचालय पर कूद कर नीचे आ गया और मूर्ति के पीछे जाकर धूपनाथ के घर पहुंचा। उनके नाती अवनीश से धूपनाथ के बारे में पूछा और कहा कि उनको बुलाकर लाओ।
अवनीश (17) उर्दिहा निवासी थाना रौनापार ने जब नाना को नहीं बुलाया तो उसने उसपर फायर कर दिया। गोली अवनीश के दाहिने हाथ में लगी। शोर सुन कर नाना और मामा भी आ गए तो उसने उन्हें भी जान से मारने के लिए दौड़ा लिया। वह लोग घर मे जाकर छिप गए और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया।
सूचना पाकर लाटघाट चौकी इंचार्ज जाफर खान हमराहियों के साथ और डायल 112 के लोग घटना स्थल पर पहुंचे। घायल को लाटघाट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर भेजा जहां से रेफर कर दिया।
उसके बाद जीयनपुर कोतवाल जितेंद्र बहादुर सिंह जांच करने लगे। गोली मारने के बाद प्रेमचंद घटनास्थल से फरार हो गया था। फिर कुछ देर बाद घर पर आ गया। जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घर की तलाशी ली। घर से तीन मोबाइल पुलिस अपने साथ ले गई। घटनास्थल से एक खोखा, एक कारतूस मूर्ति पंडाल के पास व दो उसके जेब से बरामद हुए। बताया जा रहा है दोनों पक्षों में काफी दिनों से जमीन का विवाद चल रहा था। एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने कहा कि मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।