09 एसपी से मिलने जाता समाजवादी पार्टी का प्रतिनिधिमंडल। श्रोत-पार्टी
आजमगढ़। रौनापार क्षेत्र में मदरसा संचालक कलामुद्दीन की मौत होने के मामले में बुधवार को सपा का प्रतिनिधिमंडल एसपी से मिला। उन्हें पूरी घटना की जानकारी देते हुए दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की। सपा जिलाध्यक्ष हवलदार यादव ने कहा कि प्रदेश में दलित, पिछड़ों और मुसलमानों पर लगातार अत्याचार, अन्याय और दमन किया जा रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि निर्दोष लोगों को फर्जी मामलों में फंसाकर जेल भेजा जा रहा है। उन पर गुंडा एक्ट और गैंगस्टर जैसी कार्रवाई कर उन्हें भयभीत किया जा रहा है, ताकि वे आगामी चुनावों में भाग न ले सकें। प्रतिनिधिमंडल ने एसपी से निष्पक्ष जांच कराकर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि यदि ऐसी घटनाओं पर शीघ्र रोक नहीं लगी तो पार्टी आंदोलन को बाध्य होगी। प्रतिनिधिमंडल में विधायक एचएन सिंह पटेल, एमएलसी शाह आलम के प्रतिनिधि अब्दुल्ला, सपा अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय सचिव अजीत कुमार राव और कलामुद्दीन के पुत्र आसिफ रहे।