आजमगढ़। कुछ दिनों पूर्व शासन की टीम ने जिले के सभी सरकारी अस्पतालों का निरीक्षण किया था। इसके पश्चात स्वच्छता व सुंदरता को लेकर जारी हुई रैकिंग में सगड़ी तहसील की आजमतगढ़ पीएचसी को अच्छा रैंक मिला। अब सीएमओ ने हर तहसील के एक पीएचसी को अजमतगढ़ की तर्ज पर डेवलप करने का निर्देश दिया है।
पीएचसी अजमतगढ़ पर हैंड पावर के साथ ही हर तरह की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हैं। सीमित संसाधन में भी इस सीएचसी पर मरीजों को बेहतर चिकित्सकीय सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। सीएमओ ने बताया कि स्वच्छता, सुंदरता के साथ ही शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन में पीएचसी अजमतगढ़ प्रदेश के चुनिंदा पीएचसी में शामिल हो गया है। शासन से आयी जांच टीम की रिपोर्ट के आधार पर प्रदेश सरकार ने जो 15 अस्पतालों की सूची जारी की है। उसमें अजमतगढ़ पीएचसी भी शामिल है। अस्पताल को शासन से इस रैकिंग पर ढाई लाख रुपये का नकद ईनाम भी दिया गया है। जिसका प्रयोग अस्पताल पर सुविधाओं के विस्तार पर किया जायेगा। जिले के अन्य पीएचसी भी इस रैकिंग तक पहुंच सके इसके लिए जिले के सभी तहसीलों में पीएचसी अजमतगढ़ की तरह एक पीएचसी को डेवलप करने की योजना बनायी गई है। सभी डिप्टी सीएमओ को एक-एक अस्पताल गोद लेकर अजमतगढ़ की तर्ज पर उसे डेवलप करने का फरमान भी जारी कर दिया गया है।