28 अजमतगढ़ के सुभाष नगर मोहल्ले में विवाहिता की मौत के बाद रोते-बिलखते परिजन। संवाद
सगड़ी। जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के नगर पंचायत अजमतगढ़ स्थित सुभाष बोस नगर मोहल्ला में विवाहिता सुरेता (24) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना मंगलवार सुबह करीब 7:15 बजे की है। मायके पक्ष ने दहेज हत्या का आरोप लगा पति, सास, ससुर और देवर के खिलाफ तहरीर दी है, जिस पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मऊ जनपद के मोहम्मदाबाद गोहना थाना क्षेत्र के कादीपुर गांव निवासी शिवदत्त की पुत्री सुरेता (24) की शादी 25 नवंबर 2025 को जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के नगर पंचायत अजमतगढ़ स्थित सुभाष बोस नगर मोहल्ला निवासी जगदीश के साथ हुई थी। सुरेता के पिता शिवदत्त ने आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष बड़ी गाड़ी और पैसे की मांग कर रहा था।
शिवदत्त ने बताया कि सोमवार सुबह दामाद के पिता फूलचंद ने फोन कर कहा कि लड़की की तबीयत खराब है और डॉक्टरों ने जवाब दे दिया है। जब वह मौके पर पहुंचे तो बेटी मृत मिली थी, घर का दरवाजा टूटा हुआ था और परिवार के लोग मौके से भागे हुए थे। उन्होंने बेटी की दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाया है।
मृतका के ससुर फूलचंद का कहना है कि सुबह बहू खाना देने के बाद कमरे में चली गई थी। देर तक बाहर दरवाजा नहीं खुलने पर दरवाजा तोड़ा गया। बहू बेहोश थी, जिसे पीएचसी अजमतगढ़ ले गए जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। विवाहिता के पिता की तहरीर पर जीयनपुर कोतवाली में पति जगदीश, ससुर फूलचंद, सास रमावती और देवर संजीव पर हत्या की प्राथमिकी दर्ज की है। कोतवाली प्रभारी राजकुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।