लाटघाट। कानपुर से भगाई गई लड़की की सोमवार को रौनापार स्थित कालिका मंदिर में प्रेमी के साथ साथी करा दी गई। तीन दिन से लड़की के परिजन थाने पर आकर बैठे हुए थे और लगातार पंचायत चल रही थी। तीन दिन की पंचायत में दोनों परिवार प्रेमी युगल की शादी को लेकर राजी हो गए और पुलिस की मौजूदगी में दोनों का विवाह संपन्न करवा दिया गया। प्रेमी युगल रिश्ते में बुआ-भतीजा लगते है। जिसके चलते ही परिजन विरोध में थे।
कानपुर की रहने वाली एक युवती का रिश्ते में भतीजा लगने वाले युवक से काफी दिनों से प्रेम प्रपंच चल रहा था। प्रेमी रौनापार थाना क्षेत्र का रहने वाला है। दोनों में अक्सर ही फोन पर बातचीत होती रहती थी। कुछ दिनों पूर्व युवक युवती के घर कानपुर पहुंचा और फिर युवती को लेकर फरार हो गया। युवती के गायब होने पर परिजन अपने स्तर से उसकी खोजबीन किए। बाद में युवती के परिजनेें को पता चला कि युवती रौनापार थाना क्षेत्र में है। जिस घर में वह है, वह भी युवती के परिजनों के रिश्ते में ही है। इस सूचना पर युवती की मां, दादी व भाई तीन दिन पूर्व रौनापार थाने पर पहुंचे और पूरी बात बताई। इसके बाद पुलिस ने युवती को थाने पर बुलाया तो वह प्रेमी के साथ ही रहने की बात पर अड़ गई। तीन दिनों तक थाने पर कई बार पंचायत हुई। अंतत: युवती के दबाव में आकर दोनों परिवार शादी के लिए राजी हो गए। सोमवार को कालिका मंदिर पर पुलिस व दोनों परिवारों के साथ ही गणमान्य लोगों की मौजूदगी में प्रेमी युगल की शादी संपन्न कराई गई। प्रेमी युगल आपस में पहले से रिश्ते में है। युवती प्रेमी युवक की बुआ लगती है और अब दोनों पति-पत्नी हो गए है।