निजामाबाद। कस्बा स्थित नगर पंचायत के पुराने कार्यालय को लाइब्रेरी बनाई जाएगी। इसके सर्वे का काम पूरा होने के बाद नगर पंचायत प्रशासन की तरफ से 1.33 करोड़ का प्रस्ताव तैयार कर मंजूरी के लिए भेज गया है। आदर्श नगर पंचायत में कुल 11 वार्ड हैं। कस्बे की कुल जनसंख्या लगभग 25 हजार है। यहां दो प्राइमरी विद्यालय, एक इंटर कॉलेज और एक बालिका इंटर कॉलेज है।
नगर पंचायत का कार्यालय पहले ठाकुरद्वारा चौराहे से अंदर जाने वाली सड़क पर था। अब कार्यालय वहां से बाईपास रोड पर दूसरे भवन में चला गया है। पुराना कार्यालय खाली पड़ा था। रख रखाव के अभाव में खंडहर हो रहा था। पुराने कार्यालय भवन में कस्बे के लोगों की पहले से गरीब व असहाय छात्रों के लिए निशुल्क लाइब्रेरी बनाने की मांग की जा रही थी। इसे देखते हुए नगर पंचायत प्रशासन ने सर्वे करने के बाद 1.33 करोड़ से लाइब्रेरी बनाने का प्रस्ताव शासन को भेजा है।
लाइब्रेरी में यह होगी व्यवस्था
नगर पंचायत द्वारा शासन को लाइब्रेरी बनाने के लिए जो प्रस्ताव भेजा है, उसमें छात्रों के लिए स्टडी हॉल, पार्किंग, विभिन्न प्रकार की पुस्तकें, पानी, शौचालय, कंप्यूटर, टेबल बेंच आदि की व्यवस्था होगी। कस्बे के आसपास निजी लाइब्रेरी तो हैं लेकिन बहुत से छात्र आर्थिक तंगी के कारण पढ़ने नहीं जा पाते। यहां लाइब्रेरी की मंजूरी मिलने के बाद सभी वर्ग के छात्रों को लाभ होगा। नई सुविधा से युक्त लाइब्रेरी में ज्यादातर पुस्तक कवि सम्राट अयोध्या सिंह उपाध्याय हरिऔध की लिखी रखी जाएंगी।
पुराने कार्यालय भवन में कई वर्षों से निशुल्क लाइब्रेरी बनाने की मांग चल रही थी। सुविधायुक्त लाइब्रेरी के लिए सर्वे कर 1.33 करोड़ का प्रस्ताव तैयार शासन को मंजूरी के लिए भेज दिया गया है। मंजूरी मिलते ही काम शुरू कराया जाएगा। - विक्रम कुमार, अधिशासी अधिकारी