मां के दरबार में उमड़ा आस्था का सैलाब
वासंतिक नवरात्र के पहले दिन नगर सहित ग्रामीण इलाकों में स्थित देवी मंदिरों में श्रद्धालु उमड़ पड़े। वहीं, घरों में भी कलश स्थापना कर भक्तों ने मां भवानी की आराधना की। जयकारे से वातावरण भक्तिमय हो गया था। नवरात्र के पहले दिन बुधवार को मां शैलपुत्री का पूजन-अर्चन किया गया। मां भगवती के दर्शन को मुख्य चौक स्थित दक्षिणमुखी मां, रैदोपुर में दुर्गा मंदिर, पांडेबाजार में काली मंदिर, बाजबहादुर में दुर्गा मंदिर, सिधारी शंकर तिराहा पर दुर्गा मंदिर, बेलइसा में मां काली मंदिर और बड़ादेव दुर्गा जी सहित अन्य देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा।
वहीं, नौ दिनों तक व्रत रखने वाले भक्तों ने घरों में विधिविधान से कलशों की स्थापना की। शाम होते ही विद्युत झालरों से मंदिर जगमगा उठे। पल्हना संवाददाता के अनुसार, पाल्हमेश्वरी धाम पर भक्तों का तांता लगा रहा। भक्तों ने मां को नारियल चुनरी चढ़ाकर मन्नतें मांगी। कइयों ने बच्चों का मुंडन आदि संस्कार संपन्न कराया। जहानागंज संवाददाता के अनुसार, क्षेत्र के टाड़ी में परमज्योति माता के मंदिर में पूरे दिन दर्शन-पूजन को भक्तों का रेला लगा रहा है। सगड़ी/लाटघाट संवाददाता के अनुसार, धनछुला गांव स्थित मां कालिका चन्ना राम मंदिर में नवरात्र के पहले दिन भारी संख्या में श्रद्धालुओं ने पूजा की।
निजामाबाद/फरिहां संवाददाता के अनुसार, निजामाबाद के भैरोपुर गांव स्थित मां शीतला धाम पर मां के दर्शन को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। मंदिर परिसर में चल रहे भजन-कीर्तन से पूरा माहौल भक्तिमय हो गया था। प्रभारी निरीक्षक रामायण सिंह ने बताया कि पूरे नवरात्र भर मेले में पुलिस फोर्स तैनात रहेगी। उधर, नवरात्र के मद्देनजर निजामाबाद नगर पंचायत की ओर से मंदिर परिसर सहित आसपास सफाई के विशेष प्रबंध किए गए थे। नगर पंचायत अध्यक्ष प्रेमा यादव ने कहा कि नवरात्र भर मंदिर के आसपास की सफाई के लिए सफाईकर्मियों को लगाया गया है।